पौड़ी: चौबट्टाखाल में गुलदार का खौफनाक हमला, किचन की देहली से 4 साल की मासूम को उठा ले गया आदमखोर।

नपद पौड़ी गढ़वाल के तहसील चौबट्टाखाल अंतर्गत कुंजखाल क्षेत्र के ग्राम सभा गाडरी के भतकोट गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां गुलदार ने 4 वर्षीय मासूम बालिका को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार गुरुवार रात करीब 8 बजे दृष्टि नाम की 4 वर्षीय बालिका अपने पिता हरेंद्र सिंह, माता सविता देवी और 11 वर्षीय बड़ी बहन दीपांशी के साथ घर के किचन में बैठी थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर किचन की देहली पर बैठी दृष्टि को उठा लिया और जंगल की ओर भाग गया। परिजनों के शोर मचाने पर गांव के लोग तुरंत बच्ची की तलाश में जंगल की ओर दौड़े। काफी खोजबीन के बाद मासूम का शव गांव से लगभग ढाई किलोमीटर दूर एक गधेरे में मिला, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग और राजस्व विभाग को दी गई। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गुलदार को आदमखोर घोषित कर मार नहीं दिया जाता, वे आंदोलन जारी रखेंगे। वहीं सूरी कंडारी ने भी प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार सक्रिय है और खासतौर पर बच्चों और महिलाओं को निशाना बना रहा है, लेकिन इसके बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं, डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने के साथ विशेष टीम का गठन किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि घटना स्थल के आसपास शांति बनाए रखें, क्योंकि गुलदार अपने शिकार के पास दोबारा लौट सकता है। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ के ग्रामीण इलाकों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर स्थिति को उजागर कर दिया है।

 

Share this content:

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।