अहमदाबाद में शिशु अपहरण का मामला मानव तस्करी रैकेट से जुड़ा, चार गिरफ्तार
अहमदाबाद में न्यू राणिप इलाके से एक महीने के नवजात शिशु के अपहरण का मामला अब एक बड़े मानव तस्करी रैकेट की जांच में बदल गया है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए गहराई से छानबीन की जा रही है।

फुटपाथ पर रहने वाले परिवार का बच्चा हुआ था किडनैप
घटना न्यू राणिप के वाडिया झील के पास की है, जहां दिहाड़ी मजदूरों का एक परिवार अपने बच्चों के साथ फुटपाथ पर जीवन बसर करता है। पुलिस के अनुसार, देर रात जब परिवार गहरी नींद में था, तब एक महिला दोपहिया वाहन पर सवार होकर आई और कथित तौर पर एक महीने सात दिन के बच्चे को उठाकर ले गई। सुबह उठने पर जब बच्चा नहीं मिला, तो परिजनों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस की व्यापक छानबीन और सीसीटीवी फुटेज
शिशु की तलाश के लिए अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर अनुपमसिंह गहलोत के नेतृत्व में लगभग 10 टीमों का गठन किया गया था, जिसमें क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस बल शामिल रहे। जांचकर्ताओं ने आरोपियों के रूट का पता लगाने के लिए करीब 1,300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस की मुस्तैदी और गहन छानबीन के बाद बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया और पहचान पुष्ट होने के बाद उसे उसके माता-पिता को सौंप दिया गया।
मानव तस्करी और नोएडा कनेक्शन का खुलासा
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी जिनाल परमार ने नोएडा में काम के दौरान भुवनेश्वर उर्फ भानू जाटव से संपर्क किया था। पुलिस का कहना है कि एक महीने के लड़के को लाने के लिए 10 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें अन्य आरोपियों को पैसे मिलने थे। पुलिस ने नोएडा से भुवनेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत ने मुख्य आरोपी महिला को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि इस साजिश के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल थे।


