भारतीय रेलवे के नियम: जानिए क्या महिला यात्री कर सकती है बिना टिकट यात्रा
भारतीय रेलवे ने महिला यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए बिना टिकट यात्रा से जुड़े विशेष प्रावधान तय किए हैं। रेलवे अधिनियम के नियमों के अनुसार कुछ खास परिस्थितियों में महिला यात्रियों को बीच सफर में ट्रेन से नीचे नहीं उतारा जा सकता है।

रात के समय यात्रा और टीटीई के नियम
नियमों के मुताबिक यदि कोई अकेली महिला या बच्चों के साथ सफर कर रही महिला रात के समय बिना टिकट पकड़ी जाती है और उसके पास जुर्माना चुकाने के लिए पैसे नहीं हैं, तो टीटीई उसे किसी भी अनजान या सुनसान स्टेशन पर नहीं उतार सकता। शाम 6:00 बजे से सुबह 6:00 बजे के बीच महिला की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसे रात में ट्रेन से बाहर निकालना सख्त वर्जित है।
दिन के समय कार्रवाई की शर्तें
यदि कोई महिला यात्री किराया या जुर्माना देने से मना करती है या असमर्थ होती है, तो उसे केवल दिन के वक्त ही ट्रेन से उतारा जा सकता है। इसके लिए रेलवे ने दो मुख्य शर्तें निर्धारित की हैं:
- प्रमुख स्टेशन होना जरूरी: महिला यात्री को किसी छोटे स्टेशन पर उतारने के बजाय केवल यात्रा के शुरुआती स्टेशन, अंतिम स्टेशन, बड़े जंक्शन, टर्मिनल या जिला मुख्यालय वाले प्रमुख स्टेशन पर ही उतारा जा सकता है।
- महिला पुलिसकर्मी की मौजूदगी: किसी भी महिला यात्री को ट्रेन से नीचे उतारते समय मौके पर महिला पुलिसकर्मी या आरपीएफ/जीआरपी की महिला कॉन्स्टेबल का होना अनिवार्य है। अकेला पुरुष टीटीई किसी महिला को जबरन नीचे नहीं उतार सकता।
किराया, जुर्माना और शिकायत के अधिकार
अगर बिना टिकट यात्रा करती पकड़ी गई महिला के पास पैसे हैं, तो वह पूरा किराया और निर्धारित जुर्माना भरकर रसीद ले सकती है और अपनी यात्रा जारी रख सकती है। इसके अलावा यदि कोई रेलवे कर्मचारी नियमों के खिलाफ जाकर रात में या बिना महिला कांस्टेबल के किसी महिला को उतारने का दबाव बनाता है, तो यात्री रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करके या रेल मदद ऐप के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।


