1उत्तराखंड न्यूज़1
उत्तराखंड/राज्य
ताज़ा खबरे
शिक्षा
CM Uttarakhand education vision, Dehradun Update, District Mineral Foundation Trust, DM Savin Bansal Dehradun, Public library renovation Uttarakhand, Rural education facilities Uttarakhand, Tyuni public library, Uttarakhand education infrastructure, uttarakhand latest news
MP Team
दूरस्थ त्यूनी में शिक्षा अधोसंरचना को सशक्त कर रही जिला प्रशासन की पहल
मुख्यमंत्री के विज़न और जिलाधिकारी के प्रयासों से त्यूनी को मिली आधुनिक लाइब्रेरी की सौगात

सीमांत क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की दिशा में जिला प्रशासन का दूरगामी और क्रांतिकारी कदम
देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के शिक्षा-प्रेरित दूरदर्शी विज़न एवं जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जनपद देहरादून के दूरस्थ व सीमांत क्षेत्र त्यूनी में शिक्षा अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की गई है। त्यूनी में सार्वजनिक पुस्तकालय (लाइब्रेरी) की मरम्मत एवं आधुनिक फर्नीचर व्यवस्था के लिए कुल रु. 12.00 लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से 60 प्रतिशत प्रथम किस्त के रूप में रु. 7.20 लाख जारी कर दिए गए हैं।
यह पहल जिलाधिकारी के त्यूनी भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं एवं संकल्प जनजातीय उत्थान फाउंडेशन समिति द्वारा पुस्तकालय सुविधा विकसित करने के अनुरोध के पश्चात साकार हुई। जिलाधिकारी ने इस प्रस्ताव को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियन्ता, ग्रामीण निर्माण विभाग, प्रखण्ड देहरादून के माध्यम से सार्वजनिक पुस्तकालय की मरम्मत एवं फर्नीचर व्यवस्था हेतु रु. 12.20 लाख का प्राक्कलन तैयार कराया।
जिला प्रशासन के सतत प्रयासों से दूरस्थ क्षेत्र त्यूनी में शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में यह एक अहम कदम है। अधिशासी अभियन्ता, ग्रामीण निर्माण विभाग द्वारा 03 दिसम्बर 2025 को तैयार प्राक्कलन मुख्य शिक्षा अधिकारी, मयूर विहार, देहरादून को प्रस्तुत किया गया था। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के क्रम में इस प्रस्ताव को जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शासी परिषद की बैठक में सम्मिलित किया गया, जहाँ परिषद के अध्यक्ष एवं सदस्यों द्वारा रु. 12.00 लाख (रुपये बारह लाख मात्र) की स्वीकृति का अनुमोदन प्रदान किया गया।
स्वीकृत धनराशि में से रु. 7,20,000/- (रुपये सात लाख बीस हजार मात्र) अधिशासी अभियन्ता, ग्रामीण निर्माण विभाग, देहरादून को भुगतान हेतु जिला खनिज फाउंडेशन न्यास के निर्धारित बैंक खाते से जारी कर दी गई है। शेष 40 प्रतिशत धनराशि रु. 4,80,000/- उपयोगिता प्रमाण पत्र एवं तृतीय पक्ष द्वारा जाँच आख्या प्राप्त होने के पश्चात जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री की दूरस्थ क्षेत्रों तक समान एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अवसर उपलब्ध कराने की नीति को धरातल पर उतारते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन शिक्षा अधोसंरचना के विकास हेतु निरंतर ठोस और परिणामोन्मुखी कार्य कर रहा है। त्यूनी जैसे दुर्गम क्षेत्र में आधुनिक पुस्तकालय सुविधा का सुदृढ़ीकरण विद्यार्थियों को अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं ज्ञानवर्धन के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के समस्त क्षेत्रों, विशेषकर दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुविधाओं का विस्तार जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुस्तकालय जैसी सुविधाएँ न केवल विद्यार्थियों में अध्ययन संस्कृति को प्रोत्साहित करती हैं, बल्कि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए भी सशक्त बनाती हैं। जिला प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर क्रांतिकारी एवं परिणामोन्मुखी कदम उठाता रहेगा।
Share this content:
