जिला प्रशासन की सख्ती से शिमला बायपास पर सड़क मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर शुरू

Shimla Bypass Road Repair Begins After Dehradun Admin Action

जिला प्रशासन की सख्ती से शिमला बायपास पर सड़क निर्माण शुरू

जन-सुरक्षा सर्वोपरि, नियमों की अनदेखी पर सख्त कार्रवाई तय

देहरादून | 09 फरवरी

शिमला बायपास रोड पर की गई सड़क खुदाई से उत्पन्न यातायात अव्यवस्था एवं आमजन को हो रही परेशानियों को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। नागरिकों की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) द्वारा की गई खुदाई के कारण सड़क की सतह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे धूल, गड्ढों और जाम जैसी समस्याएं उत्पन्न हो रही थीं। स्थानीय नागरिकों ने सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दुर्घटना की आशंका भी जताई।

जनहित को सर्वोपरि मानते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड) को तत्काल प्रभाव से रोड रेस्टोरेशन कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। प्रशासन के निर्देशों के अनुपालन में शिमला बायपास पर सड़क पुनर्स्थापन कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ कर दिया गया है ताकि यातायात व्यवस्था शीघ्र सामान्य हो सके।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की सड़क खुदाई कार्य के पश्चात निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से सड़क की मरम्मत एवं पुनर्स्थापन कार्य अनिवार्य रूप से पूरा किया जाए। लापरवाही अथवा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में ही आदेश जारी करते हुए सड़क खुदाई से संबंधित सभी अनुमतियों को निरस्त कर दिया गया है। बिना अनुमति सड़क खुदाई करने वालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने सहित विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक मार्गों की स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए है।

 

Share this content:

Previous post

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना का किया शुभारंभ,मुख्यमंत्री ने डीबीटी के माध्यम से 484 लाभार्थियों को भेजी 3 करोड़ 45 लाख 34,500 की धनराशि

Next post

कपकोट बना एडवेंचर टूरिज्म का नया हब, राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग चैंपियनशिप से बढ़ी पहचान