महादेव ऐप का मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर ओमान से भारत प्रत्यर्पित, कोर्ट में होगी पेशी
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध और सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए महादेव ऐप के मुख्य सरगना सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित कर लिया है। सीबीआई की एक विशेष टीम मस्कट जाकर आरोपी को अपनी हिरासत में वापस लाई है, जिसे आवश्यक प्रक्रियाओं और मेडिकल परीक्षण के बाद रायपुर ले जाया जा रहा है।

सोमवार को इस मामले में मुख्य आरोपी को सीबीआई की विशेष अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। आरोपी सौरभ चंद्राकर केंद्रीय एजेंसी के कई मामलों में वांछित चल रहा था और जांच एजेंसी इन मामलों में पहले ही चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।
एजेंसियों के शिकंजे में मुख्य आरोपी
जांच एजेंसियों के अनुसार, सौरभ चंद्राकर केवल सीबीआई मामलों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में कार्रवाई कर रहा है। ईडी द्वारा देश और विदेश में उसकी कई संपत्तियों को पहले ही जब्त किया जा चुका है। छत्तीसगढ़ सरकार के अनुरोध पर ही केंद्रीय एजेंसी ने इस ऑनलाइन बुक से जुड़े मामलों की जांच अपने हाथों में ली थी।
अवैध सट्टेबाजी और हवाला का नेटवर्क
जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि यह ऐप देश के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्कों में से एक था, जिसका संचालन विदेश से किया जाता था। इसके जरिए क्रिकेट, फुटबॉल और कार्ड गेम्स जैसे विभिन्न आयोजनों पर सट्टा लगाया जाता था। अवैध रूप से कमाए गए करोड़ों रुपये को पहले फर्जी बैंक खातों में डाला जाता था और फिर हवाला के माध्यम से विदेशों में भेजा जाता था।
अब केंद्रीय एजेंसी हिरासत में लेकर आरोपी से इस पूरे सिंडिकेट और फंडिंग के तरीकों के बारे में गहन पूछताछ करेगी।


