प्रदेश को बची दा जैसे नेताओं की जरूरत: भावना पांडे

प्रदेश को बची दा जैसे नेताओं की जरूरत: भावना पांडे
– कहा, अपनी माटी के लिए समर्पित थे बची दा
– सल्ट में 200 प्रतिशत नेता, मतदान 43 प्रतिशत, जनता भाजपा-कांग्रेस से परेशान
देहरादून। राज्य आंदोलनकारी भावना पांडे ने पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री बची सिंह रावत के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि बचीदा के निधन से प्रदेश को अपूरणीय क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा कि बची सिंह रावत जनता के सच्चे हमदर्द थे। उन्होंने प्रदेश के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किये। वो जनता की समस्याओं का निदान करने के लिए हर समय तैयार रहते थे। आज के नेताओं को बची दा के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।
राज्य आंदोलनकारी भावना पांडे ने कहा कि चार बार के सांसद बची सिंह रावत सही मायने में लोकप्रिय नेता थे। वो जनता की समस्याओं की सुनवाई के लिए हर समय तैयार रहते थे। उन्होंने उदाहरण दिया कि 2004 में जब बची दा सांसद थे तो उन्होंने दिल्ली से टेलीफोन कर उनको अपने पैतृक गांव बागेश्वर के पनरपाली गरुडियाल गांव तक सड़क बनाने की अपील की तो बचीदा ने उनके गांव तक सड़क बनवा दी थी। उन्होंने कहा कि उनके गांव तक की सड़क बचीदा की देन है। भावना के अनुसार ऐसे होते हैं नेता। आज के नेताओं के दरवाजे जनता के लिए खुलते ही नहीं हैं। जनता को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए धक्के खाने पड़ते हैं। भावना पांडे ने बची दा को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि नेताओं को बचीदा के जीवन से सीख लेनी चाहिए।
राज्य आंदोलनकारी भावना पांडे ने सल्ट उपचुनाव में हुए कम मतदान को भाजपा-कांग्रेस के लिए चेतावनी बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के 100 प्रतिशत नेता और कांग्रेस के 100 प्रतिशत नेता सल्ट में जमे थे, इसके बावजूद मतदान केवल 43 प्रतिशत हुआ। इसका अर्थ यह है कि जनता ने भाजपा और कांग्रेस को नकार दिया। उन्होंने कहा कि अधिकांश मतदाताओं ने नोटा को अपनाया। यदि उनकी पार्टी का पंजीकरण हो गया होता तो निश्चित तौर पर सल्ट का चुनाव उनका उम्मीदवार जीत जाता। उन्होंने कहा कि जनता का रुख 2022 के चुनाव में भी ऐसे ही रहेगा। जनता में भाजपा और कांग्रेस को लेकर आक्रोश है, इसलिए सल्ट में वोटिंग प्रतिशत इतना कम रहा। भाजपा-कांग्रेस को समझ लेना चाहिए कि जनता ने दोनों दलों को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा और कांग्रेस से त्रस्त है। यूकेडी में दम नहीं है और आम आदमी पार्टी को प्रदेश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। आप में जो भी नेता गये हैं वो अंदर से खुश नहीं हैॅं। आप जनता को बरगलाने में जुटी है लेकिन प्रदेश की जनता आप को कदापि नहीं अपनाएगी। भावना पांडे ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में हम सबकी पार्टी एक मजबूत विकल्प होगा। जल्द ही पार्टी के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी जाएगी।

Share this content:

देश/दुनिया की खबरें