मुन्स्यारी में दिखा किंग कोबरा, लोग हैरान

मुन्स्यारी में दिखा किंग कोबरा, लोग हैरान

मुन्स्यारी: हिमालय की गोद मे बसे मुन्स्यारी में किंग कोबरा दिखाई दिया है। करीब साढ़े सात हजार फीट की ऊंचाई वाले बेहद ठंडे इलाके में इसकी मौजूदगी के बाद वन विभाग भी और जानकारी जुटा रहा है। रविवार को दिन में मुनस्यारी बाजार के पास नंदा देवी मंदिर मार्ग पर गुमसैन गधेरे में करीब छह फीट लंबा कोबरा लोगों को नजर आया। अब तक इस क्षेत्र में छोटे-मोटे सांप ही कभी कभार नजर आते थे। साढ़े सात हजार फीट की ऊंचाई पर पहली बार इतना विशाल सांप दिखने से लोगों में हैरानी है। जानकारों के मुताबिक सांप उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित जोहार घाटी में नाहर देवी तक नजर आते हैं। नाहर देवी मुनस्यारी से 36 किमी दूर है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाहर देवी से आगे सांप प्राय: नहीं पाए जाते हैं। साढ़े दस हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित गुंजी में भी अब तक छोटे सांप ही दिखे हैं। मुनस्यारी में पहली बार छह फीट लंबा सांप मिलना चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि वन विभाग ने करीब छह हजार फीट की ऊंचाई वाले मुनस्यारी के दराती में भी पिछले साल कोबरा देखे जाने की बात कही है। हालांकि तब इसका फोटो नहीं लिया जा सका था। वन रेंजर लवराज पांगती कहते हैं कि कोबरा गर्म इलाकों में ही पाया जाता है, हिमनगरी मुनस्यारी में इसका दिखना चौंकाने वाला है। स्थानीय सांपों के बारे में जानकारी रखने वाले आलोक का मानना है कि लंबाई के अलावा वह जिस तरह से फन फैला रहा था वैसा किंग कोबरा ही करता है।

Share this content:

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।