केदारताल ट्रैक पर बर्फबारी में फंसे 8 लोग, हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू अभियान शुरू

उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के विश्व प्रसिद्ध केदारताल ट्रैक पर लगातार हो रही बर्फबारी के चलते आठ लोग भोज खड़क में फंस गए हैं। इनमें सात ट्रेकर और एक स्थानीय गाइड शामिल हैं। सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन ने शासन के साथ समन्वय कर हेलीकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर को 12 सदस्यीय दल केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। दल में पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के सदस्य शामिल थे। ट्रैकिंग के दौरान लगातार दो दिनों तक हुई बर्फबारी और मौसम खराब होने के कारण चार सदस्य वापस गंगोत्री लौट आए, जबकि सात ट्रेकर और एक स्थानीय गाइड भोज खड़क में फंस गए।

जिला प्रशासन के अनुसार, फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद से रेस्क्यू का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

वहीं, स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा के पिता भगवान सिंह ने बताया कि उनका पुत्र एक एजेंसी के माध्यम से गाइड के रूप में दल के साथ केदारताल ट्रैक पर गया था। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द से जल्द रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की गुहार लगाई है।

फिलहाल सभी आठ लोगों को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं।

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।