हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी को दी बैलेट पेपर से चुनाव लड़ने की चुनौती, कांग्रेस सरकारों से इस्तीफे की मांग
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सीधी चुनौती देते हुए कहा है कि यदि कर्नाटक, केरल और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारें अपने पदों से इस्तीफा दे दें, तो वह बैलेट पेपर के माध्यम से चुनाव लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने गुवाहाटी में आयोजित एकप्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह बयान दिया।

कांग्रेस सरकारों के इस्तीफे की मांग
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कांग्रेस नेतृत्व अपनी इन तीन राज्य सरकारों के इस्तीफे के लिए तैयार होता है, तो वह भी बैलेट पेपर से चुनाव का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि केरल, कर्नाटक और तेलंगाना की सरकारें भी मौजूदा चुनावी प्रक्रिया के तहत ही सत्ता में आई हैं।
एसआईआर और डेमोग्राफी का मुद्दा
विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर (SIR) का समर्थन करते हुए असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में अवैध घुसपैठ के कारण असम, पश्चिम बंगाल और झारखंड जैसे राज्यों की जनसांख्यिकीय संरचना (डेमोग्राफी) में बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय लोकतंत्र को बचाने और मतदाता सूचियों से अवैध प्रवासियों के नाम हटाने के लिए हर पांच साल में एसआईआर होना बेहद जरूरी है।
विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर सवाल
मुख्यमंत्री सरमा ने हाल ही में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन को जनता के समर्थन से रहित करार दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रदर्शनों में पर्याप्त जनसमर्थन नहीं मिल रहा है और देश के विकास में बाधा डालने का प्रयास किया जा रहा है। गौरतलब है कि हाल ही में विपक्षी गठबंधन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर मार्च निकाला था और चुनाव आयोग से जुड़े मामलों पर अपनी आवाज उठाई थी।


