क्रिकेटर सिराज के चयन विवाद पर किरेन रिजीजू का बयान, देश में धर्म के आधार पर नहीं होता भेदभाव
तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को हालिया टेस्ट मैच की अंतिम एकादश में शामिल न किए जाने को लेकर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजीजू ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के उस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने सिराज को टीम में जगह न मिलने के पीछे सांप्रदायिक भेदभाव होने की बात कही थी। मंत्री ने कहा कि भारत में किसी के भी साथ उसके धर्म के आधार पर न तो कोई भेदभाव किया जाता है और न ही उसे नजरअंदाज किया जाता है।

इमरान मसूद ने उठाए थे चयन प्रक्रिया पर सवाल
सहारनपुर से सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को अंतिम एकादश से बाहर रखे जाने पर आपत्ति जताई थी। उनका आरोप था कि अच्छे प्रदर्शन के बावजूद सिराज को सिर्फ इसलिए मौका नहीं दिया जा रहा है क्योंकि उनका नाम सिराज है। उन्होंने चयन प्रक्रिया को भेदभावपूर्ण बताते हुए इसे अन्याय करार दिया था और कोच गौतम गंभीर के कार्यकाल को लेकर भी टिप्पणी की थी।
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इस पूरे विवाद के बीच भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने इसके लिए क्रिकेट टीम को भी नहीं बख्शा। उन्होंने जोर देकर कहा कि जो भी खिलाड़ी देश की जर्सी पहनता है, वह पूरी तरह से भारतीय है और खेल के मामलों में इस तरह की बयानबाजी उचित नहीं है।


