हाईकमान जब तक कहेगा, तब तक संभालूंगा पंजाब का प्रभारःहरीश रावत

देहरादून। कांग्रेस के महासचिव और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस पार्टी जब तक चाहेगी, वह पंजाब प्रभारी की ज़िम्मेदारी संभालेंगे। यह बात उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद कही। राहुल गांधी से मुलाकात के पहले तक ये संभावनाएं ज़ाहिर की जा रही थीं कि कांग्रेस के पंजाब प्रभारी की ज़िम्मेदारी छोड़ने के बारे में हरीश रावत बातचीत करेंगे क्योंकि वह उत्तराखंड के विधानसभा चुनाव के लिए समय देना चाहते हैं। हालांकि इस बारे में अभी कोई निर्णयात्मक बयान नहीं आया है, लेकिन रावत ने कहा, ‘कांग्रेस में पार्टी आलाकमान जो तय करता है, वही अंतिम निर्णय होता है। मुझसे जब तक कहा जाएगा, मैं ज़िम्मेदारी निभाउंगा.’राहुल गांधी से मीटिंग के बाद रावत ने प्रेस से बात करते हुए बताया कि पंजाब कांग्रेस के हालात को लेकर उन्होंने गांधी को जानकारियां दीं। ये वही जानकारियां थीं जो रावत ने शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ मुलाकात के दौरान दी थीं। रावत ने कहा कि राहुल गांधी के साथ उनकी मुलाकात काफी संक्षिप्त रही. वास्तव में, रावत पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच चल रहे मनमुटाव व विवादों को निपटाने के लिए काम कर रहे हैं।
इससे पहले शनिवार को राहुल गांधी के साथ हरीश रावत की मुलाकात को लेकर काफी उत्सुकता का माहौल रहा। मुलाकात से पहले जब रावत से पूछा गया था कि पंजाब इनचार्ज के तौर पर क्या वह अपनी पारी जारी रखेंगे, तो उन्होंने कहा था कि वह इस बारे में पार्टी से ज़रूर बात करेंगे कि उन्हें इससे समय दिया जाए। इससे पहले भी रावत ने अपने स्वास्थ्य और उत्तराखंड चुनाव पर फोकस करने के लिहाज़ से पंजाब प्रभार से छुटकारा चाहने की बात कही थी।

Share this content:

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।