शतक के बाद कोहली को ओपनिंग देने के सवाल पर भड़के केएल राहुल, कहा- तो क्या मैं खुद बाहर बैठ जाउं

एशिया कप के आखिरी मुकाबले में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ काफी अच्छा खेल दिखाया। बड़ी जीत के साथ टीम इंडिया ने टूर्नामेंट का अंत किया और सबसे राहत की खबर विराट कोहली को लेकर आई। लंबे समय से चले आ रहे शतक के सूखे को उन्होंने इस मैच में खत्म किया। मैच के बाद केएल राहुल को जब इस पर सवाल किया गया तो वह भड़क गए।

विराट कोहली ने लगभग तीन साल के लंबे सूखे को अफगानिस्तान के खिलाफ एशिया कप सुपर फोर के मुकाबले में खत्म किया। उन्होंने टी20 में पहली शतक जमाने के साथ ही भारत को एक बड़े स्कोर तक पहुंचाया। 61 गेंद पर कोहली ने 12 चौके और 6 छक्के जमाते हुए 122 रन की नाबाद पारी खेली। भारत ने 2 विकेट के नुकसान पर 212 रन का स्कोर खड़ा किया। इस मैच में केएल राहुल के साथ विराट ने पारी की शुरुआत की थी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 119 रन की साझेदारी निभाई थी।

केएल से मैच के बाद जब पूछा गया कि कोहली ने पारी की शुरुआत करते हुए शानदार शतक जमाया और आइपीएल में भी उन्होंने ओपनिंग में ही चार शतक जमाए हैं। पिछले साल उन्होंने पारी की शुरुआत करने की इच्छा भी जताई थी तो क्या उनको ये जगह मिल सकती है। इस सवाल पर राहुल ने चिढ़ते हुए जवाब दिया, “तो क्या मैं बाहर बैठ जाउं, कमाल है यार”

राहुल बोले, देखिए विराट कोहली का रन बनाना टीम के लिए एक बहुत ही बड़ा बोनस है। जिस तरह से उन्होंने आज खेला, मतलब मुझे पता है कि वह अपनी आज की इस पारी से बहुत ही संतुष्ट हैं। जो पिछले दो तीन सीरीज से अपनी बल्लेबाजी पर काम करते आ रहे हैं वो काफी अच्छे से नजर आया। एक टीम के तौर पर यह बहुत जरूरी है कि वर्ल्ड कप में जाने से पहले हर खिलाड़ी को मैदान पर ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताने का मौका मिले। अगर ऐसी दो तीन पारी खेलते हैं तो विश्व कप में जाने से पहले आपका आत्मविश्वास बढ़ा रहेगा और हमारे पास मौका होगा टूर्नामेंट को जीतने का।

आप सभी विराट कोहली को जानते हैं, इतने दिनों से सभी उनको देखते आ रहे हैं। ऐसा नहीं है कि अगर वह पारी की शुरुआत करेंगे तभी पांच शतक लगाएंगे। वह नंबर तीन पर खेलेगे या छह सात पर भी जाकर बना सकते हैं। यह सब कुछ टीम में मिलने वाली भूमिका पर निर्भर करता है। आज जो उनकी भूमिका टीम में थी उसे उन्होंने बहुत अच्छे से निभाया। अगली सीरीज में जब हम खेलेंगे तो उनकी भूमिका अलग होगी।

मेमोयर्स पब्लिशिंग उत्तराखंड पत्रकारिता के उच्च मापदंडों पर निरंतर गतिमान रहने के लिए प्रतिबद्ध है. ख़बरों की निष्पक्षता ही हमारा मुख्य उद्देश्य है. ख़बरों के सकारात्मक पक्ष को उजागर करना हम अपना दायित्व समझते है, हम डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म के द्वारा समाचारों, विचारों, साक्षात्कारों की नई श्रृंखला के साथ- साथ खोजी ख़बरों को कुछ हटकर पाठकों तथा दर्शकों के सामने लाने का प्रयास कर रहे है। हमारा ध्येय है कि हमारी खबरें जनसरोकारी हो, निष्पक्ष हों, सकारात्मक हो, रचनात्मक हो, पाठकों तथा दर्शकों का मार्गदर्शन करने में सहायक हो।

Previous post

Noise Air Buds Pro 2: हाइब्रिड एक्टिव न्वाइज कैंसिलेशन और वाटर रेसिस्टेंट के साथ लॉन्च, जानें कीमत

Next post

उत्तराखंड के स्कूल में टीचर की अमानवीय करतूत से बवाल, सिर पर रेजर फिराकर दर्जन भर बच्चों का बनाया मजाक