एक दिन पहले लूट का मुकदमा, दूसरे दिन दे दी भाजपा की सदस्यता
ऊधमसिंह नगर जिले में भाजपा की अंतर्कलह रविवार को उस समय सामने आ गई जब किच्छा में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने लूट के आरोपी पूर्व सभासद धनीराम को पार्टी में शामिल करा दिया। स्वागत समारोह को कुछ ही मिनट बीते थे कि सोशल मीडिया पर इस पर सवाल उठने लगे। किरकिरी होने पर जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना ने धनीराम की सदस्यता को निरस्त कर दिया।
लगातार तीन बार नगरपालिका के सभासद रहे पुरानी मंडी निवासी धनीराम पर नौ जुलाई को कोतवाली में लूट का मुकदमा दर्ज किया गया था। रविवार सुबह पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने पुरानी मंडी में कार्यक्रम आयोजित करवाकर उन्हें भाजपा की सदस्यता ग्रहण करवाई। अपने समर्थकों के साथ उनका भव्य स्वागत भी किया गया। सोशल मीडिया पर यह खबर फ्लैश होने पर जिलाध्यक्ष विवेक सक्सेना हरकत में आए। उन्होंने मंडल अध्यक्ष विवेक राय संस्तुति पर सदस्यता को तत्काल निरस्त कर दिया। इसके बाद फिर से सोशल मीडिया पर इस पर चटकारे लिए जाने लगे।
Share this content:


